नवागत सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने संभाला कार्यभार, पहले ही दिन एक्शन में नजर आए, योजनाओं की समीक्षा कर दिए निर्देश 

नवागत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एनपी सिंह ने मंगलवार को वाराणसी में कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रारंभिक समीक्षा की। इसके बाद विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
 

वाराणसी। नवागत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. एनपी सिंह ने मंगलवार को वाराणसी में कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रारंभिक समीक्षा की। इसके बाद विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। शासन की मंशा के अनुरूप जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और प्रभावी एवं मजबूत बनाने के लिए सभी स्तरों पर लगातार प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, नियमित टीकाकरण को प्रभावी करने और संचारी रोगों की रोकथाम पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से संचालित स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचना भी विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

सीएमओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों की सेवाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी। जहां भी कमियां सामने आएंगी, वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

डॉ. सिंह ने कहा कि प्रत्येक स्वास्थ्य संस्थान में आने वाले मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा, जरूरी जांच और समय पर उपचार मिलना चाहिए। इसके लिए स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली को और मजबूत करने के साथ संसाधनों के बेहतर उपयोग और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया जाएगा। कार्यभार ग्रहण करने के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ. एनपी सिंह का स्वागत किया। अधिकारियों ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

डॉ. सिंह ने कहा कि जनहित सर्वोपरि है। वाराणसी में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्धता और पहुंच में निरंतर सुधार के लिए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वित प्रयास किए जाएंगे, ताकि जिले के प्रत्येक नागरिक को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।