मंगला आरती के लिए नई व्यवस्था लागू, एक बार दर्शन के बाद 90 दिन तक नहीं होगी दोबारा बुकिंग

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के दर्शन को लेकर नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसके तहत अब कोई भी श्रद्धालु एक बार मंगला आरती का दर्शन करने के बाद अगले 90 दिनों तक दोबारा बुकिंग नहीं कर सकेगा। मंदिर प्रशासन का कहना है कि यह फैसला अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर देने के उद्देश्य से लिया गया है।
 

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के दर्शन को लेकर नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। इसके तहत अब कोई भी श्रद्धालु एक बार मंगला आरती का दर्शन करने के बाद अगले 90 दिनों तक दोबारा बुकिंग नहीं कर सकेगा। मंदिर प्रशासन का कहना है कि यह फैसला अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को दर्शन का अवसर देने के उद्देश्य से लिया गया है।

अब तक मंगला आरती की टिकट बुकिंग में अनियमितताओं और दलालों के हस्तक्षेप की शिकायतें मिलती रही हैं। कई लोग एक ही आधार कार्ड से कई टिकट बुक कर लेते थे, जिससे आम श्रद्धालुओं को अवसर नहीं मिल पाता था। नई व्यवस्था के तहत अब एक आधार नंबर पर एक ही बार टिकट बुक होगी और अगली बुकिंग 90 दिन बाद ही संभव होगी।

मंदिर प्रशासन के अनुसार, यह व्यवस्था पूरी तरह लागू कर दी गई है और इसका सख्ती से पालन कराया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इससे दलालों की भूमिका खत्म होगी और टिकट वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।

इसके साथ ही मंगला आरती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ाई गई है। पहले जहां प्रतिदिन 200 से 300 श्रद्धालु ही शामिल हो पाते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़ाकर 700 से 800 कर दी गई है। इससे अधिक लोगों को बाबा के दर्शन का अवसर मिलेगा। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नई व्यवस्था का पालन करें और किसी भी प्रकार की दलाली या अनधिकृत बुकिंग से बचें।