चितईपुर में नाला सफाई में लापरवाही, मेयर ने कार्रवाई के दिए निर्देश
वाराणसी। बरसात से पहले शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने चितईपुर क्षेत्र में नाला सफाई कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सफाई कार्य की धीमी गति और लापरवाही सामने आने पर महापौर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
महापौर ने स्पष्ट रूप से कहा कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए नालों की समयबद्ध और प्रभावी सफाई बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी नालों की सफाई कार्य में तेजी लाई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि बरसात के दौरान किसी भी क्षेत्र में पानी का जमाव न हो।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और जहां-जहां कमी पाई गई, वहां तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त सविता यादव, मुख्य अभियंता आरके सिंह सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।