वाराणसी में सकुशल संपन्न हुई नीट परीक्षा, 93.36 फीसदी अभ्यर्थी हुए शामिल, 47 परीक्षा केंद्रों पर 23,787 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
वाराणसी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित नीट (NEET) परीक्षा रविवार को वाराणसी में शांतिपूर्ण और सकुशल वातावरण में संपन्न हो गई। जिले के 47 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में कुल 25,480 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 23,787 परीक्षार्थी शामिल हुए, जबकि 1,693 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में 93.36 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
परीक्षा केंद्रों पर रही कड़ी निगरानी
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक एक पाली में आयोजित की गई। परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और सह केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
डीएम ने सीसीटीवी निगरानी का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले जेपी मेहता नगर निगम इंटर कॉलेज पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट से परीक्षा संचालन की जानकारी ली। इसके बाद कंप्यूटर कक्ष में जाकर विभिन्न कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। इसके अलावा उन्होंने अन्य परीक्षा केंद्रों का भी दौरा कर आवश्यक निर्देश दिए।
पूरे समय प्रशासन की रही नजर
परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार लगातार फोन के माध्यम से भी जिले के विभिन्न केंद्रों की स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। वहीं अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में हुई परीक्षा
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई। सभी केंद्रों पर निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की गई थी। प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों की सराहना की।