राजघाट पुल पर युवक ने एनडीआरएफ जवान को मारा थप्पड़, फिर गंगा में कूदा, रेस्क्यू कर बचाई जान
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट पुल पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक पुल के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया और जान देने की कोशिश करने लगा। मौके पर पहुंची एनडीआरएफ टीम ने युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे लाने का प्रयास किया, लेकिन युवक ने जवान को कई थप्पड़ जड़ दिए। उसके बाद गंगा में कूद गया। एनडीआरएफ जवानों ने रेस्क्यू कर युवक की जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक पुलिस की रेलिंग के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार करता रहा। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे और उसे समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान एक जवान जब उसे पकड़कर सुरक्षित लाने की कोशिश कर रहा था, तो युवक ने अचानक उसे थप्पड़ मार दिया। इतना ही नहीं, उसने एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए, जिससे मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
हालात तब और बिगड़ गए जब युवक अचानक पुल से नीचे गंगा नदी में कूद गया। हालांकि पहले से सतर्क एनडीआरएफ टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नदी में छलांग लगाई और कुछ ही देर में युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।