नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल में मना मातृ दिवस, ‘स्टार मदर ऑफ द ईयर’ बनकर माताओं ने जीता दिल

सुसुवाही स्थित नवनीता कुंवर पब्लिक School में मातृ दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित ‘स्नेह का दर्पण मेरी मां’ कार्यक्रम भावनाओं, उल्लास और सम्मान का अद्भुत संगम बन गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष समारोह में मातृत्व, प्रेम, त्याग और समर्पण के भावों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माता अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और अपनत्व से भर उठा।
 

वाराणसी। सुसुवाही स्थित नवनीता कुंवर पब्लिक School में मातृ दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित ‘स्नेह का दर्पण मेरी मां’ कार्यक्रम भावनाओं, उल्लास और सम्मान का अद्भुत संगम बन गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस विशेष समारोह में मातृत्व, प्रेम, त्याग और समर्पण के भावों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माता अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और अपनत्व से भर उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि आराधना राय तथा मुख्य अतिथि रेनू राय, श्रद्धा राय, सपना राय और वरिष्ठ समन्वयक सत्यप्रिया सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय परिवार की ओर से शिक्षिका अर्चना रायजादा ने अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत किया।

मातृ शक्ति को समर्पित इस आयोजन में माताओं के लिए विशेष प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, मनोरंजक खेल गतिविधियां और आकर्षक रैंप वॉक प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में माता अभिभावकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली माताओं के बीच अंतिम चरण की विशेष प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें विजेता प्रतिभागी को ‘स्टार मदर ऑफ द ईयर’ के सम्मान से नवाजा गया। सभी विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि रेनू राय ने कहा कि मां केवल एक शब्द नहीं, बल्कि निस्वार्थ प्रेम, त्याग और समर्पण की जीवंत प्रतिमूर्ति होती है। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में माताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है और विद्यालय परिवार ऐसी समर्पित माताओं का सम्मान कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस करता है।

कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। वैष्णवी, कृति, कवीश, अंश, अनन्या और अक्षिता सहित अन्य बच्चों ने गीत, संगीत, नृत्य, नाटक और भाषण के माध्यम से मां के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को अभिव्यक्त किया। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने अभिभावकों को भावुक कर दिया और सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अनुपम श्रीवास्तव, शेफाली पटेल, सुधा मालवीय और शिवांगी शुक्ला की विशेष भूमिका रही। मंच संचालन यशी पांडे और अंजू सिंह ने प्रभावी ढंग से किया। अंत में वरिष्ठ समन्वयक सत्यप्रिया सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार को बधाई दी।