सिगरा स्टेडियम में नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज, यूपी ने बिहार को 10 रन से हराया
केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन, बोले- इच्छाशक्ति के बल पर हर लक्ष्य हासिल करना संभव
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में टी-20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच खेला गया, जिसमें उत्तर प्रदेश की टीम ने 10 रन से जीत दर्ज की। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इससे पहले एमएलसी बृजेश सिंह और पद्मश्री विमल जैन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और बैटिंग कर प्रतियोगिता की शुरुआत की।
रोमांचक मुकाबले में यूपी की जीत
उद्घाटन मुकाबले में बिहार के कप्तान कुमार देव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 120 रन बनाए। यूपी की ओर से मेहताब ने 28 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम 20 ओवर में 110 रन ही बना सकी। इस तरह उत्तर प्रदेश ने मुकाबला 10 रन से अपने नाम कर लिया। उत्तर प्रदेश के ओमवीर सेन को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 22 रन बनाने के साथ तीन विकेट भी हासिल किए।
दिव्यांग खिलाड़ियों की इच्छाशक्ति को सराहा
मुख्य अतिथि रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों की इच्छाशक्ति और खेल के प्रति समर्पण प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प के बल पर व्यक्ति कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी सफलता हासिल कर सकता है। पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने कहा कि दिव्यांगता किसी की प्रतिभा और क्षमता की सीमा तय नहीं करती। समाज को दिव्यांगजनों को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने चाहिए। पद्मश्री विमल जैन ने कहा कि अवसर मिलने पर दिव्यांग खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने दिव्यांग खेलों को बढ़ावा देने के लिए सहयोग का भरोसा जताया। एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह ने भी दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
खिलाड़ियों और अतिथियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में काशी क्षेत्र के भाजपा अध्यक्ष अशोक चौरसिया और काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रोफेसर आनंद वर्धन विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। पैरा ओलंपिक में भाग ले चुके जुड़वां भाई रोहित और राहुल गुप्ता समारोह के प्रमुख आकर्षण रहे। ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने अतिथियों का स्वागत किया। महासचिव संजय चौरसिया ने संचालन किया, जबकि आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।