मध्य प्रदेश के मुस्लिम युवक ने काशी में अपनाया सनातन धर्म, 21 ब्राह्मणों ने वैदिक रीति से संपन्न कराया संस्कार
वाराणसी। मध्य प्रदेश के मुस्लिम युवक ने काशी में सनातन धर्म अपनाया। सोमवार को अस्सी घाट पर धार्मिक अनुष्ठान के दौरान हिंदू धर्म को स्वीकार किया। यह आयोजन वैदिक परंपराओं और विधि-विधानों के अनुसार संपन्न हुआ। गंगा स्नान, पंचगव्य स्नान, हवन-पूजन और मंत्रोच्चार के साथ मुस्लिम युवक को सनातन धर्म स्वीकार कराया गया।
मध्य प्रदेश के सागर जिले के दीनदयालनगर, गमीरिया निवासी अशद खान पुत्र नवाब खान 29 दिसंबर 2025 को काशी पहुंचे। अस्सी घाट पर उन्होंने सबसे पहले पंचगव्य स्नान किया, इसके उपरांत गंगा स्नान कर वैदिक रीति से शुद्धिकरण की प्रक्रिया पूरी की। इस धार्मिक आयोजन में काशी के विद्वान पंडितों और पुरोहितों की उपस्थिति रही। जानकारी के अनुसार 21 वैदिक ब्राह्मणों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ सभी संस्कार संपन्न कराए गए।
धार्मिक कार्यक्रम के अंतर्गत युवक द्वारा हवन-पूजन किया गया। इसके बाद वे काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां विधिवत दर्शन-पूजन और शिवलिंग का अभिषेक किया गया। संध्या काल में गंगा आरती में सहभागिता कर उन्होंने धार्मिक वातावरण में अपनी आस्था व्यक्त की। पूरे आयोजन के दौरान अस्सी घाट और मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
धर्म ग्रहण के पश्चात वैदिक परंपरा के अनुरूप युवक को नया सनातन नाम प्रदान किया गया। साथ ही जिन व्यक्तियों को अपने पूर्व गोत्र की जानकारी नहीं होती, उनके लिए निर्धारित परंपरा के अनुसार उनका गोत्र कश्यप निर्धारित किया गया। आयोजकों के अनुसार यह प्रक्रिया शास्त्रीय मान्यताओं के अनुरूप की गई।
अशद खान ने कहा कि उन्होंने यह निर्णय पूरी तरह स्वेच्छा और आत्मिक आस्था के आधार पर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धर्म परिवर्तन से संबंधित सभी प्रक्रियाएं बिना किसी दबाव के विधिवत और वैधानिक रूप से पूरी की गई हैं। इस संबंध में उन्होंने शपथपत्र भी प्रस्तुत किया, जिसकी तस्दीक कलेक्ट्रेट कचहरी, वाराणसी में कराई गई है।
इस आयोजन को लेकर काशी के धार्मिक और सामाजिक क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। आयोजकों का कहना है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और सनातन वैदिक परंपराओं के अनुसार संपन्न हुआ।