कैंट स्टेशन के सामने विजयनगरम मार्केट में चला नगर निगम का बुलडोजर, अतिक्रमण पर कार्रवाई, अतिक्रमणकारियों को अंतिम चेतावनी

शहर में सड़क और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित विजयनगरम मार्केट में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर दुकानदारों की ओर से किए गए अवैध कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों का सामान भी जब्त किया गया और जुर्माना वसूला गया। अभियान से मार्केट में दुकानदारों के बीच अफरातफरी मची रही।
 

सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जे ध्वस्त, दुकानदारों का सामान जब्त कर लगाया जुर्माना

वाराणसी। शहर में सड़क और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित विजयनगरम मार्केट में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर दुकानदारों की ओर से किए गए अवैध कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों का सामान भी जब्त किया गया और जुर्माना वसूला गया। अभियान से मार्केट में दुकानदारों के बीच अफरातफरी मची रही।

नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। टीम ने सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर दुकान का सामान फैलाकर कब्जा करने वालों को चिह्नित किया। इसके बाद अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। कई स्थानों पर दुकानों के बाहर किए गए अवैध निर्माण भी ध्वस्त किए गए। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि वे दोबारा सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करें।

संयुक्त नगर आयुक्त जितेंद्र आनंद ने बताया कि विजयनगरम मार्केट में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की गई है। यह अतिक्रमणकारियों के लिए अंतिम चेतावनी है। अभियान के दौरान अवैध कब्जों को हटाने के साथ दुकानदारों का सामान जब्त किया गया और जुर्माना भी लगाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ इससे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जिन दुकानदारों ने निर्धारित सीमा से बाहर सामान रखकर रास्ते को बाधित किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। जरूरत पड़ने पर बुलडोजर से अवैध निर्माण भी ध्वस्त किए जाएंगे। नगर निगम की इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और अतिक्रमण दस्ते के कर्मचारियों की मौजूदगी में अभियान चलाया गया। कैंट स्टेशन के सामने स्थित व्यस्त बाजार में हुई कार्रवाई के बाद अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।