नगर निगम ने जब्त किया प्रतिबंधित प्लास्टिक, 4 हजार रुपये जुर्माना वसूला

अतिक्रमण, अवैध कब्जों और प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम प्रवर्तन दल ने गुरुवार को शहर के विभिन्न जोनों में व्यापक अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान टीम ने 4,000 रुपये जुर्माना वसूला। इसमें 3,000 रुपये अतिक्रमण और 1,000 रुपये प्रतिबंधित प्लास्टिक के जुर्माने के रूप में शामिल हैं। मौके से एक किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक भी जब्त की गई। इसके अलावा सड़क और गलियों से अवैध ठेले, तिरपाल व गुमटियां हटाकर आवागमन सुगम कराया गया।
 

नाटी इमली से हुकुलगंज और वरुणापार तक चला अभियान, अवैध कब्जे व वेंडरों को हटाया

वाराणसी। अतिक्रमण, अवैध कब्जों और प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम प्रवर्तन दल ने गुरुवार को शहर के विभिन्न जोनों में व्यापक अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान टीम ने 4,000 रुपये जुर्माना वसूला। इसमें 3,000 रुपये अतिक्रमण और 1,000 रुपये प्रतिबंधित प्लास्टिक के जुर्माने के रूप में शामिल हैं। मौके से एक किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक भी जब्त की गई। इसके अलावा सड़क और गलियों से अवैध ठेले, तिरपाल व गुमटियां हटाकर आवागमन सुगम कराया गया।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर आदमपुर जोनल के पवन कुमार गुप्ता और एसएफआइ अवनीश दुबे के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने नाटी इमली स्थित ठाकुर प्रसाद सिंह स्मारक चौराहे के आसपास ठेला, काउंटर और तिरपाल लगाकर किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान लाउडस्पीकर से अतिक्रमणकारियों को चेतावनी भी दी गई। कार्रवाई में 3,000 रुपये अतिक्रमण जुर्माना और 1,000 रुपये प्लास्टिक जुर्माना वसूला गया तथा एक किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गई।

चौकाघाट लकड़ी मंडी से पानी टंकी तक सड़क पटरी पर किए गए अतिक्रमण को स्वत: हटाने के लिए लाउडस्पीकर से मुनादी कराकर एक दिन की मोहलत दी गई। वहीं आईजीआरएस समेत अन्य शिकायतों के आधार पर अर्दली बाजार स्मार्ट बाजार के सामने सड़क पर लगाए गए पुष्पगुच्छ के ठेलों को हटवाया गया। मछोदरी पुलिस चौकी के पास गली में रखे ईंट-पत्थर और तिरपाल भी हटाए गए। हुकुलगंज में पक्की सीढ़ी और चबूतरा निर्माण के मामले में संबंधित व्यक्ति को भू-अभिलेखों के साथ निगम कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया।


निगम भूमि की कराई पैमाइश
सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के निर्देश पर वरुणापार जोन के दंडूपुर (क्राइस्ट नगर) में आराजी नंबर 180 स्थित निगम भूमि की पैमाइश कराई गई। स्थानीय विरोध को शांत कराने के बाद राजस्व विभाग, सर्वेयर और लेखपाल की टीम ने नापी पूरी की। भूमि को बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए नगर निगम को सुपुर्द कर दिया गया। निगम मुख्यालय से फल मंडी और पॉपुलर बाटी चौखा मार्ग पर भी अवैध वेंडरों को हटाकर सड़क को सुगम कराया गया।

6,975 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक का पुनर्चक्रण पूरा
पर्यावरण संरक्षण के तहत रामनगर स्थित शुभम प्लास्टिक कारखाने में जब्त प्रतिबंधित प्लास्टिक की रिसाइकलिंग प्रक्रिया पूरी कराई गई। कटर मशीन से 680 किलोग्राम प्लास्टिक को टुकड़ों में काटा गया, जबकि 13 किलोग्राम कचरा प्लास्टिक को जलाकर नष्ट किया गया। इसके साथ ही स्टोर में जमा कुल 6,975 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक के पुनर्चक्रण की प्रक्रिया पूरी हो गई।

एक नजर में कार्रवाई
प्लास्टिक के खिलाफ 1,000 और अतिक्रमण में 3,000 रुपये जुर्माना वसूला गया। चार शिकायतों का निस्तारण किया गया, जबकि 11 शिकायतें लंबित हैं। इस माह अब तक 1.75 किलोग्राम प्लास्टिक जब्त, 1,200 रुपये प्लास्टिक और 4,000 रुपये अतिक्रमण जुर्माना वसूला गया। प्रतिबंधित प्लास्टिक के मामले में 1,89,349 रुपये का चेक भी प्राप्त हुआ है।