लोलार्क कुंड स्नान और सुरहिया मेले को लेकर नगर निगम अलर्ट, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयारियां तेज
16-17 सितंबर को लोलार्क कुंड और 19 सितंबर को लक्ष्मी कुंड में जुटेंगे श्रद्धालु, सफाई से लेकर पेयजल और मार्ग प्रकाश तक की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
वाराणसी। भदैनी स्थित ऐतिहासिक लोलार्क कुंड में 16 और 17 सितंबर को होने वाले लोलार्क छठ मेले तथा लक्सा स्थित लक्ष्मी कुंड में 19 सितंबर को आयोजित होने वाले सुरहिया मेले को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए नगर निगम की ओर से सफाई, सीवर, पेयजल, मार्ग प्रकाश, सड़क मरम्मत और मोबाइल शौचालय समेत अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने विभागीय अधिकारियों और क्षेत्रीय पार्षदों के साथ दोनों मेला स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए उन्होंने सभी जरूरी कार्य मेला शुरू होने से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।
कुंड और संपर्क मार्गों की होगी विशेष सफाई
महापौर ने कहा कि पूर्वांचल समेत देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन धार्मिक आयोजनों में पहुंचते हैं। उनकी आस्था, सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मेला परिसर, कुंड के आसपास और संपर्क मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने तथा पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त कूड़ेदान रखने के निर्देश दिए।
मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए चूना और एंटी-लार्वा का छिड़काव कराने के साथ नियमित फॉगिंग कराने को कहा गया। कुंडों तक पहुंचने वाले गलियों और मुख्य मार्गों का भी पैदल निरीक्षण कर सड़क मरम्मत, गड्ढामुक्त इंटरलॉकिंग और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
पेयजल और सीवर व्यवस्था पर जोर
जलकल विभाग को स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर वाटर टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सीवर लीकेज की शिकायतों को तत्काल दुरुस्त करने को कहा गया। नगर आयुक्त ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने और खराब स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत कराने पर जोर दिया।
दो अपर नगर आयुक्त बनाए गए नोडल अधिकारी
मेले की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए नगर आयुक्त ने लोलार्क कुंड मेले का नोडल अधिकारी अपर नगर आयुक्त अमित कुमार और सुरहिया मेले का नोडल अधिकारी अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा को बनाया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। निरीक्षण के दौरान दोनों क्षेत्रों के पार्षद, जलकल, सिविल, सफाई, मार्ग प्रकाश विभाग के अधिकारी और संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।