नाटी इमली भरत मिलाप को लेकर नगर निगम अलर्ट, महापौर और नगर आयुक्त ने परखी तैयारियां, पुख्ता इंतजाम के दिए निर्देश
वाराणसी। विश्व प्रसिद्ध नाटी इमली भरत मिलाप आयोजन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन से एक दिन पूर्व बुधवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नाटी इमली क्षेत्र का संयुक्त रूप से दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने आयोजन स्थल और वहां तक पहुंचने वाले मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य जरूरी प्रबंधों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान महापौर और नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भरत मिलाप में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने आयोजन स्थल के साथ आसपास के क्षेत्रों और मार्गों पर भी विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने क्षेत्र में उत्कृष्ट साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मार्ग पर चूना और कीटनाशक का छिड़काव कराने पर जोर दिया, जिससे स्वच्छता बनी रहे और लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। रात्रि के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। कहा गया कि आयोजन के दौरान मार्ग और आयोजन स्थल पर प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था रहनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल मिल सके।
महापौर और नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। नगर निगम की ओर से आयोजन को व्यवस्थित बनाने और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए तैयारियों की निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद प्रमोद राय सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।