बकरीद को लेकर नगर निगम अलर्ट, नगर आयुक्त ने शहर में भ्रमण कर परखी सफाई व्यवस्था

बकरीद पर्व को देखते हुए नगर निगम ने शहर में साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गुरुवार को शहर के विभिन्न संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी की स्थिति का गहन परीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
 

वाराणसी। बकरीद पर्व को देखते हुए नगर निगम ने शहर में साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गुरुवार को शहर के विभिन्न संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी की स्थिति का गहन परीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने कमलगढ़हा, आरिफ मस्जिद, जैतपुरा, राजापुरा रोड, कच्ची बाग और बजरडीहा समेत कई इलाकों का दौरा किया। उन्होंने क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि बकरीद से पहले सभी गलियों, मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की सघन सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की गंदगी या जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मस्जिदों के आसपास के रास्तों तथा कुर्बानी वाले संभावित स्थलों पर चूने और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव तत्काल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात और उमस के मौसम में संक्रमण फैलने की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए स्वास्थ्य सुरक्षा के दृष्टिकोण से एहतियाती कदम उठाना आवश्यक है।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को त्योहार के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने तथा नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नगर निगम की टीमों को संवेदनशील इलाकों में विशेष रूप से तैनात किया गया है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और स्वच्छ माहौल में संपन्न हो सके।