सीएम योगी के काशी दौरे से पहले नगर निगम अलर्ट, वीआईपी रूटों पर युद्धस्तर पर तैयारी
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दो दिवसीय काशी दौरे को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के संभावित और वैकल्पिक रूटों को पूरी तरह व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए निगम प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखते हुए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर वीआईपी मार्गों की साफ-सफाई के लिए तीन शिफ्टों में सफाई कर्मियों की तैनाती की गई है। निगम का प्रयास है कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान मार्गों पर कहीं भी धूल, गंदगी या कूड़ा दिखाई न दे। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था की लगातार निगरानी भी की जा रही है।
मुख्यमंत्री के काफिले की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम की टीमें सड़कों पर घूम रहे आवारा मवेशियों और छुट्टा पशुओं को पकड़कर अस्थायी शेल्टर होम भेज रही हैं। वहीं, जिन मार्गों से मुख्यमंत्री का काफिला गुजरना प्रस्तावित है, वहां प्रवर्तन दल द्वारा अतिक्रमण हटाने का अभियान भी तेज कर दिया गया है। सड़क किनारे लगे ठेले, खोमचे और स्ट्रीट वेंडरों को व्यवस्थित कर यातायात बाधित होने की संभावनाओं को कम किया जा रहा है।
मार्ग प्रकाश विभाग को भी विशेष सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी स्ट्रीट लाइटों और हाईमास्ट लाइटों की जांच कर उन्हें पूरी तरह चालू रखने की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा क्षतिग्रस्त सड़क हिस्सों की मरम्मत, डिवाइडरों की पेंटिंग और प्रमुख मार्गों के सुंदरीकरण का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी जोनल अधिकारियों, सफाई निरीक्षकों और संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं और यदि किसी स्तर पर शिथिलता पाई गई तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।