पंचकोशी यात्रा की तैयारियों का नगर आयुक्त ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर
वाराणसी। पंचकोशी यात्रा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शिवपुर स्थित पांचो पांडव मंदिर, धर्मशालाओं तथा पंचकोशी यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि पंचकोशी यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए यात्रा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से सुलभ शौचालयों की स्वच्छता पर ध्यान देने को कहा ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
भीषण गर्मी को देखते हुए धर्मशालाओं में ठहरने वाले श्रद्धालुओं के लिए कूलर और पंखों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही अधिकारियों से कहा गया कि कूलरों में नियमित रूप से पानी भरवाया जाए, जिससे यात्रियों को गर्मी से राहत मिल सके।
नगर आयुक्त ने यात्रा मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि रात्रि के समय सभी स्ट्रीट लाइटें और अन्य प्रकाश व्यवस्थाएं पूरी तरह चालू रहें, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई परेशानी न हो।
इसके अलावा यात्रियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त संख्या में पानी के टैंकर लगाने तथा उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। नगर निगम प्रशासन ने कहा कि पंचकोशी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।