सुंदरपुर और ट्रॉमा सेंटर रोड के निर्माण में मिली खामियां, नगर आयुक्त ने ठेकेदार को लगाई फटकार
सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे कार्यों का किया औचक निरीक्षण, फिनिशिंग दुरुस्त करने और निर्माण में तेजी लाने की दी चेतावनी
वाराणसी। शहर में सड़कों के निर्माण और सुंदरीकरण कार्यों में लापरवाही बरतने पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को कड़ी नाराजगी जताई। सीएम ग्रिड योजना के तहत निर्माणाधीन सुंदरपुर और ट्रॉमा सेंटर मार्ग का औचक निरीक्षण कर उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान निर्माण कार्यों में देरी और फिनिशिंग में कमियां मिलने पर संबंधित ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई। साथ ही कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समय में निर्माण पूरा करने की सख्त चेतावनी दी।
नगर आयुक्त ने सीएम ग्रिड योजना के फेज-3 के साथ फेज-1 के अंतर्गत आने वाली ट्रॉमा सेंटर रोड और सुंदरपुर मार्ग का निरीक्षण किया। इसके अलावा भगवानपुर क्षेत्र में सीमलेस वे योजना के तहत बन रही सीसी रोड और गलियों में खड़ंजा निर्माण कार्यों की भी स्थिति देखी। उन्होंने फेज-3 के कार्यों को तेजी से शुरू कराने और निर्माण के रास्ते में आने वाले सभी अतिक्रमण तत्काल हटवाने के निर्देश दिए। ट्रॉमा सेंटर और सुंदरपुर मार्ग का निर्माण युद्धस्तर पर पूरा कराने को कहा।
फिनिशिंग में सुधार के दिए निर्देश
सुंदरपुर मार्ग पर निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन निरीक्षण के दौरान फिनिशिंग में कई कमियां सामने आईं। इस पर नगर आयुक्त ने प्लांटर्स में सीएनसी कटिंग वाली जाली लगाने का निर्देश दिया, ताकि लगाए गए पौधों को सुरक्षित रखा जा सके। इसके साथ ही सड़क किनारे लगे कर्व स्टोन में एकरूपता लाने और उनकी फिनिशिंग बेहतर करने को कहा।
पेट्रोल पंप के पास चौड़ा होगा मोड़
ट्रॉमा सेंटर से सीएम ग्रिड रोड की ओर मुड़ने वाले रास्ते पर पेट्रोल पंप के पास स्थित मोड़ को चौड़ा करने का निर्देश दिया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि इससे वाहनों के आवागमन में सहूलियत होगी और यातायात व्यवस्था सुगम बनेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता आगम कटियार, संबंधित अवर अभियंता, तकनीकी सहायक और ठेकेदार के प्रतिनिधि मौजूद रहे।