नगर आयुक्त ने वरूणापार जोन कार्यालय का किया निरीक्षण, पारदर्शिता व समयबद्धता पर दिया जोर

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मंगलवार को वरुणापार जोन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, नागरिक सुविधाओं और विभिन्न पटल पर संचालित कार्यों का गहन निरीक्षण करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
 

वाराणसी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मंगलवार को वरुणापार जोन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, नागरिक सुविधाओं और विभिन्न पटल पर संचालित कार्यों का गहन निरीक्षण करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पटल सहायकों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नामांतरण, पीला कार्ड जारी करने की प्रक्रिया, डिमांड एवं असेसमेंट रजिस्टर, अभिलेखों के रखरखाव तथा जन्म-मृत्यु पंजीयन से जुड़े कार्यों की बारीकी से जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न किए जाएं, ताकि नागरिकों को त्वरित और बेहतर सेवाएं मिल सकें।

इसके साथ ही उन्होंने टैक्स कलेक्शन के कंप्यूटर कक्ष का भी निरीक्षण किया। वहां मौजूद करदाताओं से सीधे संवाद कर भवन कर जमा करने की प्रक्रिया में आने वाली दिक्कतों के बारे में जानकारी ली। नागरिकों द्वारा किसी प्रकार की समस्या न होने पर नगर आयुक्त ने संतोष व्यक्त किया और व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

कार्यालय परिसर में निरीक्षण के दौरान अनावश्यक रूप से पड़े स्क्रैप सामग्री पर भी नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने जोनल अधिकारी को तत्काल प्रभाव से परिसर की सफाई कर स्क्रैप हटाने के निर्देश दिए, ताकि कार्यालय स्वच्छ और सुव्यवस्थित बना रहे। जन्म-मृत्यु पंजीकरण पटल के निरीक्षण के समय उन्होंने विशेष रूप से लंबित मामलों पर ध्यान दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि कोई भी आवेदन 15 दिनों से अधिक लंबित न रहे। यदि किसी कारणवश देरी होती है तो उसका त्वरित और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

 

इसके अलावा, नगर आयुक्त ने सभी कर्मचारियों को अपने-अपने पटल पर कार्य करते समय अनिवार्य रूप से पहचान पत्र धारण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे आम नागरिकों को संबंधित कर्मचारी तक पहुंचने में आसानी होगी और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव हो सकेगा। नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता नागरिकों को सुगम, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इसी उद्देश्य से नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।