नगर आयुक्त ने कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
वाराणसी। सावन मास मेले को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने टाउनहाल स्थित आश्रय स्थल से श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार तक कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कुछ दूरी पैदल तो कुछ मार्ग गोल्फ कार्ट से तय कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने टाउनहाल स्थित कांवड़ियों के आश्रय स्थल में तत्काल चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आश्रय स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही पेयजल समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
नगर आयुक्त ने कांवड़ मार्ग पर स्ट्रीट लाइट, सीवर और सड़क व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए मार्ग में किसी तरह की बाधा या अव्यवस्था नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने मार्ग में पड़ने वाले सभी सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सावन मेले के दौरान शौचालयों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर रहनी चाहिए और सफाईकर्मियों की नियमित निगरानी की जाए।
नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को तत्काल दूर कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाए। सावन में बड़ी संख्या में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के वाराणसी पहुंचने को देखते हुए नगर निगम की ओर से मार्ग, सफाई और नागरिक सुविधाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, जलकल विभाग के सहायक एवं अवर अभियंता तथा नगर निगम के सफाई निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।