नगर आयुक्त ने अलईपुर का किया निरीक्षण, कमियों पर जताई नाराजगी, सीवर और पेयजल व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश

नगर निगम की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मुहिम के तहत नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को अलईपुरा वार्ड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में साफ-सफाई, सीवर व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, इंटरलॉकिंग तथा मार्ग निर्माण कार्यों का जायजा लिया और स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
 

वाराणसी। नगर निगम की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मुहिम के तहत नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को अलईपुरा वार्ड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में साफ-सफाई, सीवर व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, इंटरलॉकिंग तथा मार्ग निर्माण कार्यों का जायजा लिया और स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

अलईपुर रेलवे डॉट पुल के समीप स्थानीय निवासियों ने नगर आयुक्त को बताया कि क्षेत्र की सीवर लाइन काफी पुरानी हो चुकी है। कई स्थानों पर लाइन धंस जाने के कारण सीवर जाम की समस्या लगातार बनी रहती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता जलकल को नई सीवर लाइन बिछाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डॉट पुल के पूर्वी हिस्से की बाईं गली के निवासियों ने पेयजल आपूर्ति में आ रही दिक्कतों की जानकारी दी। लोगों ने बताया कि पानी का दबाव काफी कम रहता है और अंतिम छोर तक पर्याप्त मात्रा में जल नहीं पहुंच पाता। इसके पीछे पुरानी और जर्जर पेयजल पाइपलाइन को मुख्य कारण बताया गया। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पुरानी पाइपलाइन के स्थान पर नई पेयजल लाइन बिछाने का प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने क्षेत्र के कच्चे नाले का भी निरीक्षण किया और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नाले की तल्ली झाड़ सफाई कराने तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए नालों की सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्थानीय नागरिकों से सफाई व्यवस्था के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। क्षेत्रवासियों ने बताया कि वार्ड में नियमित रूप से सफाई कार्य कराया जा रहा है। इस पर नगर आयुक्त ने संतोष व्यक्त करते हुए सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि इम्तियाजउद्दीन, विकास कुरील, अधिशासी अभियंता (सिविल), अधिशासी अभियंता (जलकल) अश्विनी भास्कर, संबंधित अभियंता तथा सफाई निरीक्षक अवनीश दुबे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।