चंद्रनगर कॉलोनी की सड़क पर कीचड़ और जलभराव, दो साल से दंश झेल रहे कॉलोनीवासी, जनप्रतिनिधियों से गुहार के बावजूद नहीं हुआ समस्या का समाधान  

भगवानपुर क्षेत्र स्थित चंद्र नगर कॉलोनी में बदहाल सड़क और जलभराव ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। महज 10 से 15 मिनट की बारिश में सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाता है। जलभराव के साथ कीचड़ और दलदल के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। वहीं, सड़क पर जगह-जगह बने करीब दो फीट गहरे गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब दो वर्षों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
 

10-15 मिनट की बारिश में घुटनों तक भर जाता है पानी, स्कूली बच्चों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी

कीचड़युक्त सड़क पर गिरकर चोटिल होते रहते हैं राहगीर, टूट चुकी हैं हड्डियां

समस्या को लेकर कॉलोनीवासियों में आक्रोश, जल्द समस्या के समाधान की मांग 

वाराणसी। भगवानपुर क्षेत्र स्थित चंद्र नगर कॉलोनी में बदहाल सड़क और जलभराव ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। महज 10 से 15 मिनट की बारिश में सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाता है। जलभराव के साथ कीचड़ और दलदल के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है। वहीं, सड़क पर जगह-जगह बने करीब दो फीट गहरे गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब दो वर्षों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

स्थानीय निवासी संतोष कुमार और अमित पटेल ने बताया कि बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है। जलभराव के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते। ऐसे में पैदल चलने वाले लोग अक्सर संतुलन खोकर गिर जाते हैं। सड़क की बदहाली से सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि रोजमर्रा के काम से आने-जाने में भी काफी दिक्कत होती है।

गड्ढे में गिरने से महिला की हड्डी टूटी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाल ही में एक महिला सड़क के गहरे गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गई थी। हादसे में उसकी हड्डी टूट गई, जिसके चलते उसे काफी दिनों तक परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों का कहना है कि सड़क पर पानी भरने के बाद गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में राहगीरों के गिरने और चोटिल होने का खतरा बना रहता है। स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा असर
बारिश के बाद सड़क पर जलभराव और कीचड़ होने से स्कूली बच्चों को विद्यालय आने-जाने में परेशानी होती है। बच्चे इसी रास्ते से होकर स्कूल जाते हैं। पानी और दलदल के कारण उनके कपड़े खराब हो जाते हैं। कई बार सड़क पर इतना पानी भर जाता है कि बच्चों के लिए रास्ता पार करना मुश्किल हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी-कभी बच्चे इसी परेशानी के कारण विद्यालय भी नहीं जा पाते हैं।


शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक से की थी शिकायत
चंद्र नगर कॉलोनी निवासी रोहित और श्याम नारायण ने बताया कि करीब चार महीने पहले क्षेत्र में विधायक की ओर से आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाली का मुद्दा उठाया था। लोगों ने मांग की थी कि सड़क पर बने करीब दो फीट गहरे गड्ढों में तत्काल मिट्टी भरवाकर उन्हें समतल कराया जाए, ताकि आवागमन सुचारु हो सके। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद समस्या के समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।


जलनिकासी और सड़क मरम्मत की मांग
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से पानी लंबे समय तक जमा रहता है। लोगों ने क्षेत्रीय विधायक और पार्षद से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही गड्ढों को भरवाने और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की अपील की है, ताकि कॉलोनी के लोगों को राहत मिल सके।