बाबतपुर-कविरामपुर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार युवक की मौत, डॉक्टर गंभीर घायल
वाराणसी। बाबतपुर-कविरामपुर मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसे में भरतपुर गांव निवासी 21 वर्षीय आशु राजभर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मॉर्निंग वॉक पर निकले निजी चिकित्सालय के संचालक चंद्रशेखर वर्मा (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे चंद्रशेखर वर्मा रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वह नियंत्रण खो बैठा।
इसी बीच सामने से आ रहे बाइक सवार आशु राजभर को भी वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आशु का हेलमेट दूर जा गिरा और वह सिर के बल सड़क पर गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
परिजनों के अनुसार, आशु सुबह घर से खीरा लेकर शिवपुर सब्जी मंडी बेचने जा रहा था। वह अविवाहित था और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसने हाल ही में सीबीएसई बोर्ड से इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी और आगे की पढ़ाई की तैयारी कर रहा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां रेशमा देवी समेत पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे जल्द ही आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।