चार साल बाद UP-TET, वाराणसी में 68 केंद्रों पर 1.60 लाख से अधिक अभ्यर्थी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

चार वर्षों के अंतराल के बाद उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) गुरुवार से वाराणसी में कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शुरू हो गई। जिले के 68 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हो रही इस परीक्षा में तीन दिनों के दौरान कुल 1,60,379 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बहुस्तरीय निगरानी व्यवस्था लागू की है।
 

 

वाराणसी। चार वर्षों के अंतराल के बाद उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) गुरुवार से वाराणसी में कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच शुरू हो गई। जिले के 68 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हो रही इस परीक्षा में तीन दिनों के दौरान कुल 1,60,379 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बहुस्तरीय निगरानी व्यवस्था लागू की है।

 

परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, उड़नदस्ता दल और विशेष पर्यवेक्षण टीमों को सक्रिय किया गया है। आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक जिले में वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं, जबकि सेवानिवृत्त आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को भी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा आयोग के सदस्य भी विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे।

 

यूपीटीईटी का आयोजन तीन दिनों में कुल पांच पालियों में किया जा रहा है। पहले दो दिनों में दो-दो पालियों में परीक्षा होगी, जबकि अंतिम दिन केवल प्रथम पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी। 2 जुलाई को दोनों पालियों में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8), 3 जुलाई को पहली पाली में उच्च प्राथमिक तथा दूसरी पाली में प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा होगी। 4 जुलाई को केवल पहली पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।

 

आयोग के अनुसार 2 जुलाई को दोनों पालियों में 33,139-33,139, 3 जुलाई को 33,140-33,140 तथा 4 जुलाई को पहली पाली में 27,821 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार तीन दिनों में कुल 1,60,379 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आयोग ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया है। परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, टैबलेट, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, डेटा कार्ड, हार्ड डिस्क, एटीएम कार्ड या किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को केवल काले रंग के बॉल प्वाइंट पेन का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

आयोग ने ओएमआर शीट भरने को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उत्तर पत्रक पर व्हाइटनर, रबर, ब्लेड या किसी भी प्रकार का सुधार स्वीकार नहीं किया जाएगा। गलत तरीके से भरी गई ओएमआर शीट का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। हालांकि परीक्षा समाप्त होने के बाद अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट की प्रति साथ ले जाने की सुविधा दी गई है।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि सभी 68 परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन और आयोग के अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जा सके।