वाराणसी में बनेगा ध्यान और योग केंद्र, 100 से अधिक लोग कर सकेंगे मेडिटेसन

शहर के बीचों-बीच योग और ध्यान के लिए एक नया केंद्र विकसित किया जाएगा। इसके तहत एलटी कॉलेज परिसर में स्वामी विवेकानंद स्मृति भवन का निर्माण प्रस्तावित है। इस भवन के बनने से एक साथ 100 से अधिक लोग योग और ध्यान कर सकेंगे, जिससे शहरवासियों को एक बेहतर और व्यवस्थित साधना स्थल मिलेगा।
 

वाराणसी। शहर के बीचों-बीच योग और ध्यान के लिए एक नया केंद्र विकसित किया जाएगा। इसके तहत एलटी कॉलेज परिसर में स्वामी विवेकानंद स्मृति भवन का निर्माण प्रस्तावित है। इस भवन के बनने से एक साथ 100 से अधिक लोग योग और ध्यान कर सकेंगे, जिससे शहरवासियों को एक बेहतर और व्यवस्थित साधना स्थल मिलेगा।

यह वाराणसी का पहला ऐसा बड़ा मेडिटेशन सेंटर होगा, जहां आधुनिक सुविधाओं के साथ आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक स्वामी विवेकानंद के काशी से गहरे संबंध रहे हैं, इसलिए उनके नाम पर इस भवन का निर्माण कर शहर को एक नई पहचान देने की योजना बनाई गई है। बताया जा रहा है कि स्वामी विवेकानंद कई बार काशी आए थे और उन्होंने अपने एक कथन में इस शहर को अपनी यादों से जोड़ने की बात कही थी। इसी प्रेरणा से इस स्मृति भवन को विकसित करने का निर्णय लिया गया है।

इस परियोजना के लिए एलटी कॉलेज परिसर में जमीन चिह्नित कर ली गई है। संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश सिंह ने इसके लिए डीआईओएस भोलेंद्र प्रताप सिंह से चिह्नित जमीन का विवरण मांगा है। जल्द ही इस संबंध में प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। इस स्मृति भवन के निर्माण से न केवल योग और ध्यान को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि शहर के लोगों को एक शांत और सकारात्मक वातावरण भी प्राप्त होगा, जहां वे मानसिक और शारीरिक संतुलन के लिए नियमित अभ्यास कर सकेंगे।