₹25,445 करोड़ के गंगा-वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर को मिली मंजूरी, 20 मिनट में बाबा विश्वनाथ धाम पहुंचेंगे श्रद्धालु
वाराणसी। काशी के विकास को नई गति देने वाली एक और ऐतिहासिक परियोजना को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। करीब ₹25,445 करोड़ की लागत से बनने वाले 89 किलोमीटर लंबे गंगा एवं वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर को हरी झंडी मिलने के बाद इसे वाराणसी के इतिहास की सबसे बड़ी आधारभूत संरचना परियोजनाओं में माना जा रहा है। परियोजना के पूरा होने पर बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक बिना शहर की भीड़भाड़ में फंसे महज 20 मिनट में बाबा श्री काशी विश्वनाथ धाम के निकट पहुंच सकेंगे।
दो हिस्सों में बनेगा पूरा कॉरिडोर
इस मेगा परियोजना को दो चरणों में विकसित किया जाएगा। पहला वरुणा लिंक कनेक्टर कॉरिडोर होगा, जिसकी लंबाई लगभग 21.153 किलोमीटर होगी और यह फोर-लेन के रूप में विकसित किया जाएगा। यह राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को सीधे रिंग रोड से जोड़ेगा। वहीं दूसरा गंगा एलिवेटेड कॉरिडोर सिक्स-लेन होगा, जो राष्ट्रीय राजमार्ग-19 को रिंग रोड से जोड़ते हुए शहर की नई परिवहन लाइफलाइन बनेगा।
60 से 70 प्रतिशत तक घटेगा ट्रैफिक का दबाव
कॉरिडोर बनने के बाद चंदौली, गाजीपुर, मिर्जापुर, लखनऊ और बिहार की ओर से आने वाले भारी वाहन शहर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रवेश किए बिना सीधे अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। इससे शहर की आंतरिक सड़कों पर वाहनों का दबाव 60 से 70 प्रतिशत तक कम होने की उम्मीद है, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या में भी बड़ी राहत मिलेगी।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों को होगा सबसे अधिक फायदा
हर वर्ष काशी में 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक बाबा विश्वनाथ धाम और गंगा घाटों के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नए एलिवेटेड कॉरिडोर के जरिए लखनऊ, प्रयागराज, जौनपुर और अन्य क्षेत्रों से आने वाले लोग गोदौलिया और लंका जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में प्रवेश किए बिना सीधे नमो घाट, समने घाट और काशी विश्वनाथ धाम के निकट तक पहुंच सकेंगे। इससे यात्रा का समय लगभग 60 मिनट से घटकर 20 मिनट रह जाएगा।
महापौर ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
परियोजना को मंजूरी मिलने पर महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नगर निगम तथा काशीवासियों की ओर से प्रधानमंत्री एवं वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काशी लगातार आधुनिक और विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित हो रही है। गंगा-वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर न केवल यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगा, बल्कि व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी नई रफ्तार देगा।
विधायक और मंडलायुक्त ने दी परियोजना की जानकारी
शहर दक्षिणी विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी तथा मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने परियोजना की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह कॉरिडोर भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके निर्माण से वाराणसी में परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम होगी और तीर्थनगरी के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
देखें पूरा वीडियो