पुलिस लाइन से काशी विश्वनाथ धाम तक कहीं भी हो सकती है मॉक ड्रिल, परखी जाएगी पुलिस की तैयारी 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अगस्त के दूसरे सप्ताह में संभावित वाराणसी दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार (31 जुलाई) सुबह 8 बजे से 11 बजे तक पुलिस लाइन से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का अभ्यास (मॉक ड्रिल) किया जाएगा।
 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अगस्त के दूसरे सप्ताह में संभावित वाराणसी दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार (31 जुलाई) सुबह 8 बजे से 11 बजे तक पुलिस लाइन से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का अभ्यास (मॉक ड्रिल) किया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार यह फुल-स्केल एक्सरसाइज विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय, आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता और सुरक्षा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस लाइन से काशी विश्वनाथ मंदिर के बीच किसी भी स्थान पर सुरक्षा अभ्यास किया जा सकता है।

अधिकारियों ने बताया कि इस सिमुलेशन एक्सरसाइज का उद्देश्य किसी संभावित आकस्मिक घटना से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों का परीक्षण करना है। इसके माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मियों की त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय और संचार व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मॉक ड्रिल के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही उसे फैलाएं। यदि पुलिस या सुरक्षा एजेंसियां किसी प्रकार की कार्रवाई करती हुई दिखाई दें तो इसे नियमित सुरक्षा अभ्यास का हिस्सा समझें तथा प्रशासन का सहयोग करें।