एमएलसी चुनाव : आज से शुरू होगा नामांकन, 23 अक्टूबर को मतदान
वाराणसी। विधान परिषद सदस्य स्नातक एवं शिक्षक वाराणसी खंड निर्वाचन के लिए चुनावी प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ होगी। नामांकन मंडलायुक्त परिसर स्थित अपर आयुक्त (प्रथम) न्यायालय में कराया जाएगा। रिटर्निंग अधिकारी एवं मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने स्थानीय स्तर पर अधिसूचना जारी कर दी है। नामांकन को लेकर सोमवार को मंडलायुक्त परिसर में दिनभर तैयारियों और बैठकों का दौर चलता रहा।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन शुरू होगा। उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों के बीच 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह 8 बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतदान के बाद मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित की गई है। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।
द्विवार्षिक विधान परिषद निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान संबंधित क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियों और प्रचार-प्रसार पर निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियम प्रभावी रहेंगे। प्रशासन की ओर से नामांकन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं।