MLC चुनाव: मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी और वेबकास्टिंग, प्रेक्षकों ने तैयारी की समीक्षा की, सेक्टर-जोनल मजिस्ट्रेट और माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती जल्द पूरी करने के निर्देश
वाराणसी। वाराणसी खंड शिक्षक/स्नातक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को आयुक्त सभागार में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त स्नातक निर्वाचन के प्रेक्षक जीएस प्रियदर्शी और शिक्षक निर्वाचन के प्रेक्षक प्रांजल यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदान से लेकर मतगणना तक की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
आयुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर एस. राजलिंगम ने निर्वाचन तैयारियों की जानकारी पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की। प्रेक्षकों ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतदान और मतगणना से जुड़े कार्मिकों का प्रशिक्षण समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट तथा माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति जल्द करने को कहा।
बैठक में मतदान केंद्रों, स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल, पोलिंग पार्टियों के गठन और परिवहन व्यवस्था की समीक्षा की गई। सभी मतदेय स्थलों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मतगणना स्थल का चयन कर वहां तैनात किए जाने वाले कार्मिकों की ड्यूटी भी समय से निर्धारित करने को कहा गया।
सीडीओ एवं प्रशिक्षण नोडल अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने रेंडमाइजेशन और प्रशिक्षण कार्यक्रम की तिथियों की जानकारी प्रेक्षकों को दी। उन्होंने कहा कि मतगणना परिसर में पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग और कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक मतदान केंद्र के लिए कम्युनिकेशन प्लान तैयार करने तथा मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रेक्षकों ने वर्चुअल माध्यम से जुड़े सोनभद्र, भदोही, जौनपुर, मिर्जापुर, गाजीपुर, बलिया और चंदौली के जिला निर्वाचन अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में डीएम सत्येंद्र कुमार, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर आलोक कुमार वर्मा, एडीएम प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।