राजघाट में विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी का वार्ड प्रवास, लोगों से संवाद कर जानी समस्याएं, निस्तारण के दिए निर्देश 

दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में लगातार चौथे वर्ष चल रहे वार्ड प्रवास एवं स्वच्छता कार्यक्रम के तहत गुरुवार को विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने राजघाट वार्ड में 54वें दिन जनसंपर्क किया। 19 जुलाई से शुरू हुआ 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम दो अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान विधायक ने नया महादेव मोहल्ले की गलियों में भ्रमण कर स्थानीय लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
 

वाराणसी। दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में लगातार चौथे वर्ष चल रहे वार्ड प्रवास एवं स्वच्छता कार्यक्रम के तहत गुरुवार को विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने राजघाट वार्ड में 54वें दिन जनसंपर्क किया। 19 जुलाई से शुरू हुआ 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम दो अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान विधायक ने नया महादेव मोहल्ले की गलियों में भ्रमण कर स्थानीय लोगों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह 7:30 बजे भैसासुर बाबा मंदिर पर क्षेत्रीय लोगों का एकत्रीकरण हुआ। इसके बाद स्वच्छता अभियान चलाया गया। विधायक ने संत शिरोमणि पूज्य श्री रविदास मंदिर परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पांच पौधों का रोपण किया।

वार्ड भ्रमण के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों से ठेठ बनारसी अंदाज में पूछा, “कोई आदेश हौ, कोई काम हौ?” लोगों ने पेयजल पाइपलाइन बदलने और गलियों में स्मार्ट चौका लगाने समेत विभिन्न समस्याएं बताईं। विधायक ने मौके पर मौजूद नगर निगम, जलकल और विद्युत विभाग के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त और जलकल महाप्रबंधक से की बात
पेयजल पाइपलाइन बदलने की मांग पर विधायक ने मौके से ही नगर आयुक्त और महाप्रबंधक जलकल से मोबाइल पर वार्ता की। इसके साथ ही इस संबंध में पत्र भी भेजा। वहीं, राजघाट वार्ड की करीब एक किलोमीटर लंबी सभी गलियों में पीसीसी कराने और चौका बदलने के लिए विधायक निधि से धनराशि आवंटित की गई।

24 वार्डों में दो-दो बार पूरा हुआ प्रवास
डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि 54 दिनों के वार्ड प्रवास के दौरान दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के सभी 24 वार्डों में दो-दो बार प्रवास पूरा हो चुका है। तीसरे चरण में अब तक छह वार्डों का भ्रमण पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन सुबह होने वाले कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान, पांच पौधों का रोपण, वार्ड भ्रमण और जनसमस्याओं के समाधान के बाद चौपाल लगाकर लोगों से अनौपचारिक संवाद किया जाता है। विधायक के अनुसार 54 दिनों के दौरान पटरी, नाली, सीवर, पेयजल, गली-पिट, स्ट्रीट लाइट और पार्क समेत सैकड़ों छोटे-बड़े कार्य कराए गए हैं।

आठ रविवार को लगे जनकल्याणकारी योजनाओं के कैंप
76 दिवसीय वार्ड प्रवास के दौरान प्रत्येक रविवार को अलग-अलग स्थानों पर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के कैंप भी लगाए जा रहे हैं। अब तक आठ रविवार को आठ कैंप आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें विश्वकर्मा योजना के किट और पीएम स्वनिधि योजना के चेक दर्जनों लाभार्थियों को वितरित किए गए। करीब एक हजार लोगों का नेत्र परीक्षण कराया गया, जबकि 200 से अधिक लोगों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए। विभिन्न लाभार्थी योजनाओं में सैकड़ों लोगों का पंजीकरण भी कराया गया। कार्यक्रम में भाजपा महानगर उपाध्यक्ष संदीप चौरसिया, महानगर मंत्री सुनील यादव, मंडल अध्यक्ष बबलू सेठ, पार्षद विजय सोनकर, अंकुर मेहरोत्रा, अभिजीत भारद्वाज लकी, दीपक कुशवाहा समेत भाजपा पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।