वार्ड प्रवास अभियान में विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने जनता से किया सीधा संवाद, लाभार्थी शिविर में कल्याणकारी योजनाओं के लिए हुआ पंजीकरण
वाराणसी। दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान लगातार जारी है। 19 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान के तहत वह प्रतिदिन एक वार्ड का दौरा कर स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को पियरीकला वार्ड में तीसरे लाभार्थी शिविर का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ डॉ. नीलकंठ तिवारी ने किया।
शिविर में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए अलग-अलग विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर पंजीकरण कराया और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। डॉ. तिवारी ने स्वयं प्रत्येक विभागीय स्टॉल का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को चेक, क्रेडिट कार्ड और स्वीकृति पत्र वितरित किए। साथ ही बाल विकास विभाग के शिविर में पहुंचकर शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत आयोजित नेत्र परीक्षण शिविर में 250 लोगों की आंखों की जांच की गई, जबकि 150 जरूरतमंदों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग के शिविर में करीब 210 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
शिविर में विभिन्न योजनाओं के लिए भी व्यापक स्तर पर पंजीकरण हुआ। दिव्यांगजन कल्याण विभाग में 10 लोगों ने आवेदन किया, महिला कल्याण विभाग में 27 लाभार्थियों का पंजीकरण हुआ, जबकि शहरी आवास योजना के लिए 35 लोगों ने आवेदन जमा किए। विद्युत विभाग के शिविर में 9 उपभोक्ताओं के बिजली बिलों का संशोधन किया गया।
डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि वार्ड प्रवास अभियान का उद्देश्य केवल विकास कार्यों का निरीक्षण करना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड के भ्रमण के दौरान स्वच्छता, सीवर, पेयजल, बिजली, सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। जहां भी कोई कमी मिलती है, वहां संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि 76 दिवसीय अभियान के दौरान 2 अक्टूबर तक प्रत्येक रविवार को अलग-अलग वार्डों में लाभार्थी शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास, पीएम स्वनिधि, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, पेंशन योजनाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाया जा सके। कार्यक्रम में मुख्य राजस्व अधिकारी, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।