वाराणसी में निर्माणाधीन होटल की दीवार ढही, मिर्जापुर का मजदूर गंभीर रूप से घायल

लंका थाना क्षेत्र में शनिवार को एक निर्माण स्थल पर बड़ा हादसा हो गया, जब निर्माणाधीन होटल की दीवार अचानक गिर गई। इस दुर्घटना में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद अन्य मजदूरों में दहशत फैल गई और काम तुरंत रोक दिया गया।
 

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र में शनिवार को एक निर्माण स्थल पर बड़ा हादसा हो गया, जब निर्माणाधीन होटल की दीवार अचानक गिर गई। इस दुर्घटना में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद अन्य मजदूरों में दहशत फैल गई और काम तुरंत रोक दिया गया।

नरिया इलाके में एक प्राइमरी स्कूल के पास होटल निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक एक दीवार भरभराकर गिर पड़ी, जिसकी चपेट में आकर 40 वर्षीय मजदूर राजेश बिंद मलबे में दब गए। राजेश बिंद मूल रूप से मिर्जापुर के रहने वाले हैं और रोजी-रोटी के लिए वाराणसी में मजदूरी कर रहे थे।

हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद मजदूरों ने हिम्मत दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद ईंट और मलबा हटाकर राजेश को बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। साथियों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां ट्रामा सेंटर में उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि इस निर्माण कार्य में मिर्जापुर से कुल 14 मजदूरों को काम पर लगाया गया था। हादसे के बाद एहतियात के तौर पर निर्माण कार्य को तुरंत रोक दिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस जमीन पर होटल का निर्माण हो रहा था, उसके मालिक अविनाश सिंह और ठेकेदार अमित सिंह बताए जा रहे हैं। घटना के बाद दोनों के मौके से गायब हो जाने पर उनकी जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

सूचना मिलते ही लंका थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वहां मौजूद मजदूरों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ भी की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यदि निर्माण कार्य में लापरवाही या सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।