मंत्री रविंद्र जायसवाल का सपा पर निशाना, बोले- सनातन और गेरुआ वस्त्र के अपमान का जनता देगी जवाब

प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने सर्किट हाउस में अनौपचारिक बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सनातन परंपराओं और गेरुआ वस्त्र का अपमान करने का प्रयास किसी व्यक्ति ने किया है तो जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्यों को समाज स्वीकार नहीं करेगा और चुनाव में जनता अपने तरीके से सजा देगी।
 

वाराणसी। प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने सर्किट हाउस में अनौपचारिक बातचीत के दौरान समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सनातन परंपराओं और गेरुआ वस्त्र का अपमान करने का प्रयास किसी व्यक्ति ने किया है तो जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्यों को समाज स्वीकार नहीं करेगा और चुनाव में जनता अपने तरीके से सजा देगी।

मंत्री ने कहा कि गेरुआ वस्त्र सनातन समाज में श्रद्धा, आस्था और सम्मान का प्रतीक है। साधु-संतों के प्रति समाज में सदियों से सम्मान की भावना रही है। उन्होंने कहा कि संतों के सम्मान में लोग खड़े होकर उनका अभिवादन और प्रणाम करते हैं। ऐसे में सनातन परंपराओं को निशाना बनाने के लिए गेरुआ वस्त्र का इस्तेमाल करना उचित नहीं है।

रविंद्र जायसवाल ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से ऐसा कोई कृत्य नहीं किया गया है। यदि किसी व्यक्ति विशेष ने इस तरह का काम किया है तो उसके लिए संबंधित व्यक्ति को ही जिम्मेदार माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति के कृत्य को पूरी पार्टी से जोड़ना उचित नहीं है। राज्य मंत्री ने विपक्ष की भूमिका को लेकर भी समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मजबूत विपक्ष की आवश्यकता होती है, लेकिन विपक्ष की मजबूती उसके विचारों और सिद्धांतों पर आधारित होनी चाहिए। केवल विरोध के लिए विरोध करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के हित में नहीं है।

सपा के पूर्ववर्ती कार्यकाल पर आरोप लगाते हुए मंत्री ने कहा कि उस समय मोहल्लों के गुंडों और असामाजिक तत्वों को राजनीतिक संरक्षण मिलने की बातें सामने आती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी राजनीति का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि जनता ऐसे लोगों और ऐसी राजनीतिक कार्यशैली का जवाब चुनाव में देती है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दों पर सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने विपक्ष से भी सकारात्मक भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई।