शिक्षक MLC की मतदाता सूची में नाम आने पर राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने जताई हैरानी, बोले- शिक्षक नहीं हूं, तो शिक्षक एमएलसी के लिए कैसे भर सकता हूं फार्म, कराऊंगा जांच
वाराणसी। शिक्षक एमएलसी की मतदाता सूची में अपना नाम शामिल होने को लेकर राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने हैरानी जताई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने शिक्षक एमएलसी मतदाता सूची के लिए आवेदन नहीं किया था। वह शिक्षक भी नहीं हैं, ऐसे में शिक्षक एमएलसी की मतदाता सूची में उनका नाम कैसे शामिल हो गया, इसकी छानबीन कराएंगे।
राज्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने स्नातक होने के नाते स्नातक एमएलसी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया था। स्नातक मतदाता सूची में उनका और उनके परिवार के सदस्यों का नाम शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षक एमएलसी मतदाता सूची के लिए उन्होंने कोई फार्म नहीं भरा है।
हंसराज विश्वकर्मा ने स्वीकार किया कि शिक्षक एमएलसी की मतदाता सूची में उनके नाम के साथ दिया गया विवरण सही है, लेकिन उन्होंने सवाल उठाया कि जब वह शिक्षक नहीं हैं, तो शिक्षक एमएलसी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कैसे कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्नातक एमएलसी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए उन्होंने फार्म भरा था। यदि शिक्षक एमएलसी की मतदाता सूची में भी उनका नाम आया है, तो वह इसकी जांच कराएंगे कि ऐसा कैसे हुआ।