BHU में आधी रात तनाव : छात्रों के दो गुट आमने-सामने, ‘कट्टा’ दिखाकर धमकी का आरोप
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) परिसर में बीती देर रात करीब 12:30 बजे उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब लाल बहादुर शास्त्री (LBS) छात्रावास में छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि एक गुट बिड़ला ‘ए’ चौराहे के पास धरने पर बैठ गया, जिससे पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया।
हथियार दिखाकर धमकी देने का आरोप, छात्रों में दहशत
धरने पर बैठे छात्रों का आरोप है कि दूसरे गुट के कुछ छात्रों ने उन्हें ‘कट्टा’ दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद हॉस्टल में रहने वाले छात्रों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। छात्रों का कहना है कि इस तरह की घटना विश्वविद्यालय जैसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर के लिए बेहद गंभीर है।
वार्डन की भूमिका पर उठे सवाल, कार्रवाई न होने से बढ़ा आक्रोश
छात्रों का कहना है कि उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत हॉस्टल वार्डन से की थी, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वार्डन के इस कथित लचर रवैये से नाराज होकर छात्र आधी रात को सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
छात्रों की मांग: दोषियों पर कार्रवाई और सुरक्षा की गारंटी
धरने पर बैठे छात्रों ने स्पष्ट मांग रखी है कि धमकी देने वाले छात्रों को तत्काल चिन्हित कर निष्कासित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने हॉस्टल परिसर में बाहरी तत्वों और अवैध हथियारों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने और पूरे मामले में प्रशासनिक जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
मौके पर पहुंची पुलिस, कैंपस में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी देर तक चले हंगामे के बाद प्रशासन छात्रों को समझाने में जुटा रहा। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बिड़ला चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
“हम पढ़ने आए हैं, जान जोखिम में डालने नहीं”
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा, “हम यहां पढ़ाई करने आए हैं, जान जोखिम में डालने नहीं। अगर छात्र सरेआम हथियार की धमकी दे रहे हैं और प्रशासन चुप है, तो यह बेहद गंभीर मामला है।”
देखें वीडियो