वाराणसी में हाईवे पर वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, अधेड़ की मौत, साथी गंभीर
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भिखीपुर गांव के पास हाईवे पर रविवार दोपहर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा करीब साढ़े तीन बजे हुआ। घायल को खजुरी स्थित सूर्यांश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
रूपापुर निवासी मुन्ना पांडेय (52) अपने साथी गंजारी, जंसा निवासी हिमांशु उपाध्याय के साथ बाइक से वाराणसी की ओर से घर लौट रहे थे। भिखीपुर गांव के समीप पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइक से सड़क पर गिर पड़े। गंभीर चोट लगने के कारण मुन्ना पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल हिमांशु उपाध्याय को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को थाने ले जाया गया है। परिजनों के अनुसार मुन्ना पांडेय वाराणसी के एक अस्पताल में भर्ती अपनी नातिन को देखकर बाइक से घर लौट रहे थे। वह खेती-बारी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके तीन बेटे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
मिर्जामुराद प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मृतक के छोटे पुत्र मनीष पांडेय की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वाहन की पहचान होने के बाद चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।