दीक्षांत समारोह में बेटियों के स्वास्थ्य का संदेश, बच्चियों का हुआ टीकाकरण, राज्यपाल ने बांटा प्रमाणपत्र
वाराणसी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के 48वें दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग करते हुए शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता का भी सशक्त संदेश दिया। समारोह के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा संचालित एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। राज्यपाल ने स्वयं टीकाकरण के उपरांत बालिकाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर आराध्या शाह, अदिति कुमारी, मिहिका, रोशनी पटेल, शबनम खातून और पलक सहित कई बालिकाओं को राज्यपाल ने प्रमाण-पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन केवल एक टीका नहीं, बल्कि बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने वाला प्रभावी और सुरक्षित सामाजिक सुरक्षा कवच है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अभिभावकों और समाज से वैज्ञानिक सोच अपनाने की अपील करते हुए कहा, "डरिए मत, आप सामना कीजिए। यह वैक्सीन आपकी सुरक्षा के लिए है।" उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधानों से यह प्रमाणित हो चुका है कि एचपीवी वैक्सीन भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में प्रभावी है। उन्होंने लोगों से अफवाहों, भ्रांतियों और निराधार आशंकाओं से दूर रहकर पात्र बालिकाओं का समय पर टीकाकरण कराने का आग्रह किया।
राज्यपाल ने समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटा और बेटी समान हैं तथा स्वस्थ बेटी ही स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत आधारशिला बनती है। उन्होंने समाज के सक्षम नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से इस अभियान में सहयोग देने और आर्थिक भागीदारी निभाने की अपील की, ताकि कोई भी पात्र बालिका इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान कमिश्नर सभागार में 155 बालिकाओं तथा रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में 96 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया सहित अन्य प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कन्नौजिया ने बताया कि भारत सरकार के इस अभियान का उद्देश्य 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराकर उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है। उन्होंने कहा कि जनपद में यह अभियान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लगातार संचालित किया जा रहा है और अधिक से अधिक बालिकाओं को इससे जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।