बरेका में श्रमदान से दिया स्वच्छता का संदेश, महाप्रबंधक समेत अधिकारियों ने की सफाई
‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान में नौ टीमों ने संभाली जिम्मेदारी, स्वच्छ कार्यपरिवेश को दैनिक कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाने पर जोर
वाराणसी। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में गुरुवार को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के अंतर्गत सघन स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान चलाया गया। सुबह आठ बजे शुरू हुए अभियान में महाप्रबंधक आशुतोष पंत के नेतृत्व में सभी प्रमुख विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने निर्धारित क्षेत्रों में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य कार्यस्थलों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं बेहतर कार्यपरिवेश के रूप में विकसित करना रहा।
अभियान के लिए बरेका में नौ टीमों का गठन किया गया था। प्रत्येक टीम को अलग-अलग विभाग और क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई। टीम-ए को लेखा एवं कार्मिक, टीम-बी को सीएमटी लैब एवं टूल रूम, टीम-सी को सुरक्षा विभाग, टीम-डी को इंजन डिवीजन, टीम-ई को ब्लॉक डिवीजन और टीम-एफ को लोको डिवीजन की जिम्मेदारी दी गई। इसी प्रकार टीम-जी को एमएसएस एवं एमएएस, टीम-एच को डिपो एवं क्रय तथा टीम-आई को अनुरक्षण, टीटीसी एवं सिविल इंजीनियरिंग क्षेत्र में स्वच्छता अभियान की जिम्मेदारी मिली।
अधिकारियों ने कर्मचारियों के साथ किया श्रमदान
अभियान की खासियत यह रही कि महाप्रबंधक आशुतोष पंत और सभी प्रमुख विभागाध्यक्षों ने टीम-एफ के साथ लोको डिवीजन में स्वयं श्रमदान किया। अधिकारियों ने कर्मचारियों के साथ मिलकर सफाई कार्य किया और अभियान में जुटे कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। वरिष्ठ अधिकारियों की प्रत्यक्ष भागीदारी से कर्मचारियों में भी स्वच्छता को लेकर उत्साह और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना दिखाई दी। सभी टीमों ने अपने निर्धारित क्षेत्रों में सफाई करते हुए कचरे, अनुपयोगी और अनावश्यक सामग्री को हटाया। कार्यस्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के साथ बेहतर कार्यपरिवेश तैयार करने पर जोर दिया गया।
दैनिक आदत बनाने का आह्वान
महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कहा कि स्वच्छता किसी एक अभियान या पखवाड़े तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसे दैनिक कार्यसंस्कृति, अनुशासन और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाया जाना जरूरी है। स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यपरिवेश कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कार्यक्षमता के लिए भी महत्वपूर्ण है।
अभियान में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि अभियान के माध्यम से बरेका में स्वच्छता, सहभागिता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया।