आधी रात महागिरजा में गूंजा ‘मेरी क्रिसमस’, प्रभु यीशु के जन्म का उल्लास, तीन दिन मनेंगी खुशियां 

आधी रात जैसे ही घड़ी की सुइयां एक-दूसरे से मिलीं और समय ने 12 का आंकड़ा छुआ, मसीही समुदाय में क्रिसमस की खुशियां छलक पड़ीं। शहर के विभिन्न गिरजाघरों में घंटे बज उठे और चारों ओर ‘मेरी क्रिसमस’ की मधुर गूंज सुनाई देने लगी। वाराणसी के कैंटोमेंट स्थित महागिरजा में प्रभु यीशु के जन्म की खुशियां मनाई गईं। इस दौरान चर्च में लोगों की भीड़ रही। 
 

वाराणसी। आधी रात जैसे ही घड़ी की सुइयां एक-दूसरे से मिलीं और समय ने 12 का आंकड़ा छुआ, मसीही समुदाय में क्रिसमस की खुशियां छलक पड़ीं। शहर के विभिन्न गिरजाघरों में घंटे बज उठे और चारों ओर ‘मेरी क्रिसमस’ की मधुर गूंज सुनाई देने लगी। वाराणसी के कैंटोमेंट स्थित महागिरजा में प्रभु यीशु के जन्म की खुशियां मनाई गईं। इस दौरान चर्च में लोगों की भीड़ रही। 

महागिरजा की भव्य़ सजावट की गई है। बिजली की रंग-बिरंगी झालरों से सजे गिरजाघर मनमोहक दृश्य प्रस्तुत कर रहे थे। रोशनी में नहाया चर्च ऐसे प्रतीत हो रहे थे मानो आकाश के तारे धरती पर उतर आए हों। श्रद्धालु बड़ी संख्या में प्रार्थना में शामिल हुए और प्रभु के जन्म का संदेश प्रेम, शांति और भाईचारे के रूप में साझा किया।

 

गिरजाघरों में रात दस बजे से ही प्रभु यीशु के जन्म से पूर्व की धार्मिक विधियों का शुभारंभ हो गया था। पादरियों के नेतृत्व में विशेष प्रार्थनाएं कराई गईं। रात 10:30 बजे से चर्च की क्वायर टीम भजनों के गुणगान में जुटी रही, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके बाद बिशप द्वारा विशेष प्रार्थना के साथ मिस्सा बलिदान संपन्न कराया गया।

मिस्सा के पश्चात चरनी में प्रभु यीशु के जन्म की प्रतीकात्मक विधि संपन्न हुई। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को ‘मेरी क्रिसमस’ की शुभकामनाएं दीं। कैंटोंमेंट स्थित सेंट मैरी कैथेड्रल पहुंचे शुभम ने कहा कि प्रशु यीशु के जन्म को लेकर काफी उत्साह है। यहां सभी धर्मों के लोग इसमें शामिल हो रहे हैं। 

पलक गुप्ता ने कहा कि यह खुशी की बात है कि आज के ही दिन प्रभु यीशु ने मानवता के कल्याण के लिए जन्म लिया था। प्रभु ने कहा था कि आप हमारे हो और हम आपके हैं। आप प्यार से हमारे पास आओ, इसलिए सच्चे मन से उन्हें याद करना चाहिए। निर्जला ने कहा कि प्रभु यीशु के जन्म के उत्सव में शामिल होकर अच्छा लग रहा है। क्रिसमस को लेकर काफी उत्साह है। 

यशकम ने कहा कि क्रिसमस को लेकर बहुत सुंदर सजावट की गई है। यहां हर धर्म समान है। हम सभी एक हैं। हमारे देश में सभी धर्मों के त्योहारों को सेलिब्रेट करने की परंपरा है। शाइना ने कहा कि जब से मेरा जन्म हुआ, तब से इस चर्च में आ रही हूं। यहां हिंदू, मुस्लिम, ईसाई सभी धर्मों के लोग समान हैं। बिशप ने सभी लोगों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि क्रिसमस आनंद और शांति का संदेश लेकर आया है। सभी लोग शांति और खुशियों के साथ रहें। आने वाले तीन दिनों तक क्रिसमस की खुशियां मनाई जाएंगी।

 

तस्वीरें ... 

 



<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/0EBQl0LBo9Y?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/0EBQl0LBo9Y/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">