पीएम के आगमन के मद्देनजर वाराणसी में महासफाई अभियान, कूड़ा निस्तारण 1300 टन के पार, सेंट्रल कमांड से निगरानी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित 28 अप्रैल के दौरे को लेकर नगर निगम ने शहर में स्वच्छता अभियान को तेज कर दिया है। सप्ताहव्यापी ‘महा-सफाई अभियान’ के तहत कूड़ा उठान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले दो दिनों में करीब 250 टन अतिरिक्त कचरा निस्तारित किया गया है, जिससे अब प्रतिदिन 1200 से 1300 टन तक कूड़े का निस्तारण हो रहा है, जबकि सामान्य दिनों में यह आंकड़ा लगभग 1100 टन रहता था।
 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित 28 अप्रैल के दौरे को लेकर नगर निगम ने शहर में स्वच्छता अभियान को तेज कर दिया है। सप्ताहव्यापी ‘महा-सफाई अभियान’ के तहत कूड़ा उठान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। पिछले दो दिनों में करीब 250 टन अतिरिक्त कचरा निस्तारित किया गया है, जिससे अब प्रतिदिन 1200 से 1300 टन तक कूड़े का निस्तारण हो रहा है, जबकि सामान्य दिनों में यह आंकड़ा लगभग 1100 टन रहता था।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी वार्डों में विशेष टीमें तैनात की गई हैं। प्रत्येक वार्ड में अधिकारियों को नोडल प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि सफाई कार्यों की नियमित निगरानी और बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा सके।

सफाई व्यवस्था को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के लिए ‘सेंट्रल कमांड’ के माध्यम से 24 घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है। इससे शहर के किसी भी हिस्से में गंदगी की स्थिति पर तुरंत नजर रखी जा रही है और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो रही है।

नगर निगम ने मुख्य सड़कों के साथ-साथ उन स्थानों पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया है, जो अब तक उपेक्षित रहे हैं। खाली प्लॉट, सार्वजनिक पार्क और गली-मोहल्लों में जमा कचरे को तेजी से हटाया जा रहा है। इन स्थानों को साफ-सुथरा बनाकर शहर की समग्र छवि को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर आयुक्त ने बताया कि सभी सफाई कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वार्ड स्तर पर कूड़े के ढेर पूरी तरह समाप्त किए जाएं और कहीं भी गंदगी न रहने पाए। प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रधानमंत्री के आगमन तक शहर को पूरी तरह स्वच्छ और आकर्षक बनाया जाए।