खुले में मांस बिक्री और मानकों का पालन नहीं करने पर 6000 रुपये का जुर्माना, अंधरापुल में मीट दुकानों पर नगर निगम की कार्रवाई, आठ का चालान
वाराणसी। नगर निगम ने शहर में मीट की दुकानों पर स्वच्छता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए गुरुवार को अंधरापुल क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने और खुले में मांस बेचने वाली आठ दुकानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 6000 रुपये का चालान किया गया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर अभियान संयुक्त नगर आयुक्त एवं वरुणापार जोन के जोनल अधिकारी जितेंद्र आनंद और पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज के नेतृत्व में चलाया गया। टीम ने अंधरापुल क्षेत्र की विभिन्न मीट दुकानों की जांच कर स्वच्छता, पर्दे और मांस बिक्री से संबंधित निर्धारित मानकों का जायजा लिया।
जांच के दौरान कई स्थायी दुकानों पर नियमानुसार पर्दे नहीं लगे मिले। इसके कारण दुकान के बाहर से ही मांस दिखाई दे रहा था। कुछ दुकानों के आसपास गंदगी भी मिली। टीम ने दुकानदारों को निर्धारित मानकों का पालन करने और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि खुले में मांस की बिक्री और दुकानों पर निर्धारित पर्दे नहीं लगाना नियमों का उल्लंघन है। इसी के तहत आठ दुकानों का चालान किया गया है। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और दुकानों पर निर्धारित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए इस तरह के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।