चैत्र नवरात्र में वाराणसी शहर में बंद रहेंगी मीट-मछली की दुकानें, महापौर की बैठक में लिया गया फैसला

वाराणसी। चैत्र नवरात्र के पावन पर्व को देखते हुए नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाली मीट, मुर्गा और मछली की सभी दुकानें नवरात्र के दौरान पूरी तरह बंद रहेंगी। सोमवार को सिगरा स्थित वाराणसी स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि इस फैसले का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि नवरात्र के दौरान शहर में धार्मिक वातावरण बना रहे और श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान हो सके।
 
मंदिरों को जाने वाले रास्तों की होगी मरम्मत
बैठक के दौरान महापौर ने शहर के प्रमुख देवी मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों की स्थिति पर भी चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवरात्र शुरू होने से पहले इन मार्गों का निरीक्षण कर तत्काल पैच वर्क कराया जाए और गड्ढों की मरम्मत की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सफाई और चूने के छिड़काव पर विशेष जोर
नवरात्र के दौरान शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी महापौर ने कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिरों के आसपास और प्रमुख मार्गों पर नियमित रूप से सफाई कराई जाए तथा सड़कों के किनारे चूने का छिड़काव कराया जाए, जिससे स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण बना रहे।

सीवर और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने की हिदायत
महापौर ने जलकल विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान कहीं भी सीवर ओवरफ्लो की समस्या नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही शहर में पेयजल की आपूर्ति भी निर्बाध रूप से जारी रखने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

मंदिर मार्गों पर रोशनी की व्यवस्था चाक-चौबंद रहे
नगर की प्रकाश व्यवस्था को लेकर आलोक विभाग को जिम्मेदारी दी गई कि मंदिरों को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर स्ट्रीट लाइट और मार्ग प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहे, ताकि रात के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अधिकारियों को समन्वय से काम करने का निर्देश
बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी विभागों के अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया, ताकि नवरात्र पर्व के दौरान शहर में व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें। इस बैठक में अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अमित कुमार सिंह, विनोद कुमार गुप्ता, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह और पियूष नेहरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।