छित्तूपुर खास की आकाश गंगा कॉलोनी में बनेगी नई इंटरलॉकिंग सड़क, महापौर ने किया शिलान्यास
वाराणसी। नगर निगम शहर की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार विकास कार्यों को गति दे रहा है। इसी क्रम में त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत वार्ड संख्या 57 छित्तूपुर खास स्थित आकाश गंगा कॉलोनी में नई इंटरलॉकिंग सड़क के निर्माण कार्य का बुधवार को विधिवत शिलान्यास किया गया। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस परियोजना के तहत कर्मदानी देवी आकाश गंगा कॉलोनी में मुरारी चौक सामनेघाट के मकान से लेकर बृज किशोर पाण्डेय के मकान तक लगभग 62 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस कार्य पर कुल 7.55 लाख रुपये की लागत आएगी। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वाराणसी के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि त्वरित आर्थिक विकास योजना का उद्देश्य शहरी एवं उपनगरीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।
महापौर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, वाराणसी को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना को तय समयसीमा के भीतर पूरा कर जनता को समर्पित किया जाए, ताकि कॉलोनीवासियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर पार्षद आनंद सिंह ‘पिंटू’, गोविन्द सेठ, नरेंद्र पटेल, गोपाल पटेल, राज सिंह ‘डब्ल्यू’, संदीप चौरसिया सहित भाजपा एवं स्थानीय संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।