पार्क के नाम पर वर्षों पुराना पेड़ काटने पर भड़के मेयर, अधिकारियों को जमकर लगाई फटकार, एफआईआर की दी चेतावनी
महमूरगंज के अन्नपूर्णा नगर कॉलोनी में पार्क की जमीन पर कब्जे का आरोप
मेयर अशोक तिवारी ने दी मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी, पार्क निर्माण के नाम पर वर्षों पुराने पेड़ को काटने का आरोप
पार्क की जमीन पर कब्जे की शिकायत पर पहुंचे थे मेयर, पेड़ काटे जाने के सवाल पर जवाब नहीं दे पाए अधिकारी
वाराणसी। महमूरगंज स्थित अन्नपूर्णा नगर कॉलोनी में पार्क की जमीन को लेकर विवाद सामने आने के बाद महापौर अशोक तिवारी ने नगर निगम और स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। आरोप है कि पार्क विकसित कराने के नाम पर कॉलोनी में वर्षों पुराने पेड़ को काट दिया गया। साथ ही पार्क की जमीन पर कब्जा कराने का भी आरोप लगाया गया है। इसकी शिकायत के बाद मेयर भड़क गए। उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। साथ ही मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी।
पार्क की जमीन पर विवाद और पेड़ काटे जाने की सूचना के बाद महापौर अशोक तिवारी मौके पर पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पेड़ काटे जाने और पार्क की जमीन से जुड़े दस्तावेजों के संबंध में सवाल किए। हालांकि, मौके पर मौजूद अधिकारियों द्वारा पेड़ काटे जाने के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दिए जाने पर मेयर का गुस्सा बढ़ गया।
अधिकारियों की चुप्पी पर महापौर ने नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जमीन और पार्क के लिए निर्धारित भूमि पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच में नगर निगम या स्मार्ट सिटी के स्तर पर लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
महापौर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को पूरे मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि वर्षों पुराने पेड़ को काटे जाने के मामले में जिम्मेदारी तय की जाएगी। पार्क की जमीन को सुरक्षित रखने और वहां किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।