मेयर और नगर आयुक्त ने गौशालाओं की व्यवस्था और पौधारोपण की समीक्षा की, अफसरों को दिए कड़े निर्देश, नहीं बर्दाश्त की जाएगी लापरवाही
वाराणसी। गोवंश संरक्षण और हरित विकास को लेकर नगर निगम ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गौशालाओं की व्यवस्था सुधारने और पौधारोपण कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
महापौर ने स्पष्ट कहा कि गौशालाओं में गोवंश की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नियमित सफाई, समय पर टीकाकरण और पर्याप्त व गुणवत्तापूर्ण चारे की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि पशुओं को बीमारियों से बचाया जा सके और उन्हें सुरक्षित वातावरण मिल सके।
बैठक में पिछले दो वर्षों में लगाए गए करीब 28 हजार पौधों की स्थिति को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। महापौर ने उद्यान विभाग से एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट में प्रत्येक पौधे की जियो-लोकेशन, ट्री-गार्ड की स्थिति और जीवित तथा सूखे पौधों का स्पष्ट विवरण देने को कहा गया है। साथ ही यह भी पूछा गया है कि जो पौधे सूख गए हैं, उनके स्थान पर नए पौधे लगाए गए या नहीं।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भी अधिकारियों को निर्देश दिया कि गौशालाओं और पौधारोपण अभियानों में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में चारे की गुणवत्ता और पशु चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि गोवंश को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत न करने या उसमें किसी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर नगर आयुक्त अमित कुमार, उद्यान अधीक्षक डॉ. वीके सिंह, पशु एवं कल्याण चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।