छठ पूजा और देव दीपावली से पहले मेयर व नगर आयुक्त ने घाटों का किया निरीक्षण, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था देखी, दिए निर्देश 

छठ पूजा और देव दीपावली की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। पर्वों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने अस्सी घाट से पैदल और नाव के माध्यम से विभिन्न घाटों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।
 

वाराणसी। छठ पूजा और देव दीपावली की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। पर्वों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को गंगा घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने अस्सी घाट से पैदल और नाव के माध्यम से विभिन्न घाटों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर और नगर आयुक्त ने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सीढ़ियों की स्थिति, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं को देखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और जहां भी कमियां नजर आईं, उन्हें समय रहते दूर कराने के निर्देश दिए।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि काशी में छठ पूजा और देव दीपावली का विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। इन दोनों पर्वों पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक काशी पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम की जिम्मेदारी है कि सभी घाटों पर स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं का बेहतर इंतजाम सुनिश्चित किया जाए। श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना और दीपोत्सव के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर नियमित सफाई के साथ विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। जिन स्थानों पर सीढ़ियों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था में सुधार अथवा अन्य आवश्यक कार्यों की जरूरत है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए।

उन्होंने कहा कि पर्वों से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं। आयोजन के दौरान घाटों पर निरंतर निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न होने पाए। नगर निगम का प्रयास है कि काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।