मनीष सिंह हत्याकांड में दो इनामी आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर, तीसरे की तलाश जारी
वाराणसी। भरथरा निवासी उद्यमी मनीष सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। 50-50 हजार के इनामी घमहापुर निवासी नागेंद्र राजभर और गोविंद राजभर पुलिस को चकमा देते हुए सीजेएम मनीष कुमार की अदालत में पहुंचे और सरेंडर कर दिया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि मामले में फरार तीसरे आरोपी दीपक राजभर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, घटना के बाद भरथरा और घमहापुर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए दोनों गांवों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इसी बीच तहसील प्रशासन ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। तहसीलदार कुलवंत सिंह ने बताया कि आरोपियों के अवैध कब्जों को लेकर नोटिस जारी किए गए हैं। यदि 15 दिन के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो अवैध कब्जे में बने पक्के मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है।