मनीष सिंह हत्याकांड : करणी सेना के प्रदर्शन के ऐलान के बाद छावनी में तब्दील हुई कचहरी, भारी फोर्स तैनात, मनीष की पत्नी बोलीं- पति के हत्यारों को मिले सख्त सजा
वाराणसी। बहुचर्चित मनीष सिंह हत्याकांड को लेकर शुक्रवार को वाराणसी में माहौल पूरी तरह संवेदनशील बना रहा। करणी सेना और विभिन्न क्षत्रिय संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन के ऐलान के बाद जिला मुख्यालय समेत कचहरी क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शहर में भारी संख्या में पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई।
प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरुणा जोन के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। वहीं पीएसी की प्लाटून भी संवेदनशील इलाकों में तैनात रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र का निरीक्षण करते नजर आए। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए करनी सेना और क्षत्रिय संगठनों से जुड़े कई नेताओं को एहतियातन हाउस अरेस्ट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
मनीष सिंह के परिजनों का आरोप रहा है कि सरकार ने वादा पूरा नहीं किया। घटना के बाद किए गए आश्वासनों के बावजूद अभी तक परिवार के किसी सदस्य को सरकारी नौकरी नहीं दी गई है और न ही उचित मुआवजा मिला है। इसे लेकर समाज के लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
हालांकि, मनीष सिंह की पत्नी अंकिता सिंह ने प्रशासन के प्रति संतोष जताया। उन्होंने कहा कि वह सरकार के खिलाफ नहीं हैं और उनके मन में जो भी संदेह थे, प्रशासन से बातचीत के बाद वे दूर हो गए हैं। अंकिता सिंह ने कहा कि उन्हें प्रशासन पर पूरा विश्वास है और प्रशासन जो भी निर्णय करेगा, वह उचित होगा। उन्होंने सिर्फ यही मांग दोहराई कि उनके पति की हत्या में शामिल सभी आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
एडीसीपी ने बताया कि शुक्रवार को सामान्य तौर पर संवेदनशील माना जाता है। कचहरी इलाके में विशेष सतर्कता इसलिए है क्योंकि यहां बड़ी संख्या में लोग पत्रक देने और विभिन्न मांगों को लेकर पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, ताकि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने बताया कि वरूणा जोन के आसपास के थानों की फोर्स के साथ ही पीएसी को भी तैनात किया गया है।