वाराणसी में कांस्टेबल अमित शुक्ला को गोली मारने वाले बदमाश से पुलिस का हुआ एनकाउंटर

लंका थाना क्षेत्र के नरिया तिराहे पर कांस्टेबल अमित शुक्ला को गोली मारने वाले बदमाश राज विश्वकर्मा को पुलिस ने लोटूबीर मंदिर के पास मुठभेड़ में पकड़ लिया। बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार करते हुए बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार की शाम नरिया तिराहे के पास कांस्टेबल को तीन गोलियां मारी गई थीं। घटना के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेरेबंदी कर बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। 
 

 

 

लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़, घायल हालत में गिरफ्तार कर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में कराया गया भर्ती

 

नरिया तिराहे पर सिपाही को मारी गई थीं तीन गोलियां, घटना के बाद हरकत में आई पुलिस का त्वरित एक्शन 

 

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नरिया तिराहे पर कांस्टेबल अमित शुक्ला को गोली मारने वाले बदमाश राज विश्वकर्मा को पुलिस ने लोटूबीर मंदिर के पास मुठभेड़ में पकड़ लिया। बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार करते हुए बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार की शाम नरिया तिराहे के पास कांस्टेबल को तीन गोलियां मारी गई थीं। घटना के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेरेबंदी कर बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। 

 

शुक्रवार देर शाम नरिया तिराहे पर एक घटना की जांच के सिलसिले में लंका थाने के कांस्टेबल अमित शुक्ला पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी में अमित शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पेट, पीठ और हाथ में तीन गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है। गोली लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

हमलावरों की तलाश में जुटी थी पुलिस
कांस्टेबल पर हमले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल घटनास्थल का जायजा लिया और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया था। इसी दौरान लंका थाना क्षेत्र के लौटूबीर मंदिर के पास पुलिस का सामना एक संदिग्ध बदमाश से हो गया। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर बदमाश ने फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान राज विश्वकर्मा के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

 

घायल राज विश्वकर्मा को पुलिस अभिरक्षा में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर कांस्टेबल अमित शुक्ला पर हमले के पीछे की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। हमले में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका को देखते हुए अन्य संदिग्धों की तलाश भी की जा रही है।

डीसीपी गौरव बंसवाल ने बताया कि लंका थाने की पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग असलहों की बिक्री करने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस टीम बताई गई जगह पर पहुंची थी। उसी दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान कांस्टेबल को गोली लगी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद तस्कर फरार हो गए थे। पुलिस ने लोटूबीर के बदमाशों के होने की सूचना पर घेरेबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।