जमीन देने के नाम पर हड़प लिए 81 लाख रुपये, जान से मारने की धमकी, अधिवक्ता ने अधिकारियों से लगाई गुहार
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर नेवादा निवासी अधिवक्ता रविशंकर पटेल को जमीन देने के नाम पर 81 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों को पत्रक सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
अधिवक्ता ने आरोप लगाया है कि मिर्जापुर के चुनार हालपता काजी सादुल्लापुरा थाना आदमपुर निवासी आरिफ अहमद ऊर्फ मोनू ने उन्हें और उनके परिवार को चितईपुर के विश्वकर्मा नगर में आराजी नंबर सुसवाही में जमीन दिखाकर 14 लाख रुपये नकद और 67 लाख रुपये अपने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया चितईपुर से ट्रांसफर करा लिया।
आरोप लगाया कि पैसे लेने के बाद आरिफ ने जमीन दूसरे को बेच दी। वहीं पैसा वापस मांगने पर उनके साथ गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। खुद को मुख्तार गैंग का सदस्य बताते हुए हर माह फिरौती की मांग की। कहा कि यदि फिरौती नहीं दी तो जान से मरवा देंगे।