वाराणसी में 58 लाख के सोने के आभूषण लेकर फरार हुआ कर्मचारी, तलाश में जुटी पुलिस
वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र स्थित बनारस स्वर्ण कला केंद्र का एक कर्मचारी पर करीब 58 लाख रुपये मूल्य का शुद्ध सोना और आभूषण लेकर फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बनारस स्वर्ण कला केंद्र में कार्यरत स्वप्निल श्रीवास्तव ने चेतगंज थाने में दी गई तहरीर में बताया कि कंपनी में आभूषण बनाने और उनकी मरम्मत का कार्य किया जाता है। कर्मचारी शरद कुमार लंबे समय से कंपनी में कार्यरत था और उसे विभिन्न ऑर्डरों के अनुसार सोने के आभूषण तैयार करने तथा मरम्मत के लिए सामान सौंपा जाता था।
शिकायत के मुताबिक, 10 जुलाई को शरद कुमार को आभूषण तैयार करने के लिए करीब 35 ग्राम सोना दिया गया था। इसके अलावा मरम्मत के लिए 368.500 ग्राम आभूषण भी उसे सौंपे गए थे। तय समय पर काम पूरा नहीं होने पर कंपनी ने 11 जुलाई को उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसके दोनों मोबाइल फोन बंद मिले।
इसके बाद जब कंपनी के प्रतिनिधि उसके घर पहुंचे तो पता चला कि वह अपने घर भी नहीं आया था। गायब हुए शुद्ध सोने की कीमत 5 लाख 25 हजार रुपये, मरम्मत के लिए दिए गए सोने की कीमत करीब 53.61 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल नुकसान लगभग 58 लाख रुपये का बताया गया है।
चेतगंज पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी कर्मचारी के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी और अमानत में खयानत सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक विशेष टीम आरोपी की तलाश में जुटी है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने वारदात को अकेले अंजाम दिया या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।