वाराणसी में लाठी-डंडे से पीटकर मजदूर की हत्या, पेड़ से बांधकर पीटने की तस्वीरें वायरल, कार्रवाई में जुटी पुलिस
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र में एक मजदूर की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान रामजनम बनवासी के रूप में हुई है। आरोप है कि दबंगों ने मजदूर को लाठी-डंडों से पीटा। इस दौरान उसे पेड़ से बांधकर पीटने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को चोलापुर क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। काफी प्रयास के बाद 26 अगस्त को शव की पहचान रामजनम बनवासी के रूप में हुई। पहचान होने के बाद परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
बताया जा रहा है कि रामजनम ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। वह स्टार मार्का ईंट भट्ठे पर काम करता था। जून में भट्ठा बंद होने के बाद वह घर पर रहने लगा था। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण बाद में उसने चौबेपुर क्षेत्र स्थित सरजू मार्का ईंट भट्ठे पर मजदूरी शुरू कर दी थी।
इसी बीच उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान कराने का प्रयास किया। पहचान होने के बाद हत्या की आशंका को लेकर जांच तेज की गई। इसी दौरान मजदूर के साथ मारपीट से संबंधित एक तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई, जिसमें उसे पेड़ से बांधा हुआ दिखाई देने की बात कही जा रही है। पुलिस वायरल तस्वीर और उससे जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पूछताछ के आधार पर घटना के कारण और पूरी परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
चोलापुर पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में भी चर्चा का माहौल है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।